सेक्स रैकेट की शिकार लड़की का सनसनीखेज खुलासा, एक रात के वसूलता था 10 हजार

सेक्स रैकेट की शिकार लड़की का सनसनीखेज खुलासा, एक रात के वसूलता था 10 हजार


बिहार के भागलपुर में सेक्स रैकेट के चंगुल से भागी दूसरी लड़की भी पुलिस के हाथ लग गई है। देह व्यापार का धंधा करने वाले मिथिलेश व टिंकू मंडल के चंगुल से भागकर वह मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र स्थित घर पहुंच गई। जीरोमाइल पुलिस ने लड़की के परिवारवालों से संपर्क किया। थाना प्रभारी राजरतन ने कहा कि सोमवार को दोनों लड़कियों का मेडिकल जांच के साथ कोर्ट में 164 का बयान दर्ज कराया जाएगा। दोनों लड़कियां मधेपुरा जिले के एक ही गांव की रहने वाली है। सप्ताह दिन पहले एक लड़की रैकेट के चंगुल से भागी थी। फिर मौका मिलते ही दूसरी लड़की भी भाग गई। हालांकि परिवारवाले रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तैयार नहीं हैं। पुलिस केस में गवाह बनाकर लड़की का कोर्ट में बयान दर्ज कराएगी। इसके लिए लड़की के परिवारवाले तैयार हो गए हैं। शनिवार को पीड़ित एक लड़की के बयान पर जीरोमाइल थाना में पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र के टिंकू मंडल, मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र के मिथिलेश मंडल और उसकी कथित पत्नी गुड़िया कुमारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी ने कहा कि रविवार को लड़की की मेडिकल जांच नहीं हो सकी। महिला पुलिस की सुरक्षा में लड़की को रखा गया है। सिटी डीएसपी राजवंश सिंह ने ज्योति विहार कॉलोनी पहुंचकर घटना की जांच की। जांच में देह व्यापार की घटना को सत्य पाया है। 


एक रात का वसूलता है दस हजार


 लड़कियों को बाहर भेजने पर एक रात का 10 हजार रुपये वसूला जाता था। शहर में एक रात का दो से पांच हजार रुपये ग्राहक से लिया जाता था। पीड़िता का कहना है कि खाना और कपड़ा के अलावा पैसा नहीं दिया जाता था। जरूरत पड़ने 50 या 100 रुपये दिया जाता था। बाहर निकलने पर किसी को पीछे लगा दिया जाता है। डर और लोकलज्जा के कारण किसी को कुछ बोल नहीं पाते थे, लेकिन अब उसे सजा दिलाई जाएगी।   


मिथिलेश व टिंकू की पुलिस कर रही तलाश


 गांव की भोली-भाली और गरीब परिवार की लड़कियों का अपहरण कर देह व्यापार कराने वाले टिंकू मंडल और मिथिलेश मंडल की गिरफ्तारी के लिए शनिवार रात पुलिस टीम ने जीरोमाइल और बरारी थाना के इलाके में छापेमारी की। लोगों से संपर्क कर आरोपी के बारे में जानकारी ली। सप्ताह दिन पहले ज्योति विहार कालोनी से किराये के मकान में आसपास के ही किसी मकान में किराया लिया है, लेकिन इस मामले में कोई कुछ नहीं बोल रहे हैं। पुलिस का कहना था कि कार की सवारी करने के कारण कॉलोनी से बाहर के लोग दोनों को पहचान नहीं रहे हैं। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। सिटी डीएसपी राजवंश सिंह ने कहा कि दोनों आरोपियों टिंकू और मिथिलेश को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  


गंगा पार इलाके की कई लड़कियां रैकेट के कब्जे में


 गंगा पार इलाके की लड़कियों को कब्जे में लेकर मिथिलेश और टिंकू देह व्यापार का धंधा कर रहा है। पीड़िता की मानें तो संचालक लड़कियों को नशे और सेक्स की सूई देकर धंधा कराता था। बीमार पड़ने पर इलाज भी नहीं कराता था। पीड़िता की कलाई में सूई के कई जख्म और कमरे की तलाशी के दौरान डिस्पोजल सीरींज जब्त किया गया है। पीड़िता ने दर्जन भर लड़कियों से देह-व्यापार कराने का खुलासा किया है। कई लड़कियां किराये का कमरा लेकर रहती हैं और ग्राहक के आने पर उसे कॉल कर बुलाया जाता है।  


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ