सिपाही ने की पत्नी की गोली मारकर हत्या, खुद भी फांसी लगाकर की आत्महत्या

सिपाही ने की पत्नी की गोली मारकर हत्या, खुद भी फांसी लगाकर की आत्महत्या


उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक सिपाही ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी खुदकुशी कर ली। इस खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। 


घटना बागपत जिले की बिनौली थाना इलाके के रंछाड गांव की है। यहां सिपाही ने पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। पारिवारिक कलह वारदात की वजह बताया गया है। 


सिपाही सहारनपुर में तैनात था और पिछले कई महीने से ड्यूटी पर नहीं गया था। रंछाड गांव निवासी सोनू (35) यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात था। इन दिनों उसकी ड्यूटी सहारनपुर में थी। एसओ बिनोली रवेंद्र कुमार यादव ने बताया कि वह पिछले कई माह से ड्यूटी पर नहीं गया था। 


शनिवार रात सिपाही शराब पीकर घर पहुंचा तो उसकी पत्नी साक्षी ने इसका विरोध किया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। सिपाही ने साक्षी पर तमंचे से फायर कर दिया गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह खुद भी कमरे में फांसी के फंदे पर झूल गया। 


 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ