सेंट जेवियर स्कूल में मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को किया गया जागरूक

सेंट जेवियर स्कूल में मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को किया गया जागरूक


बलरामपुर। जिले में मिशन शक्ति के तहत बलरामपुर पुलिस द्वारा सेंट जेवियर्स स्कूल में महिला संवाद कार्यशाला का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण, महिला सम्मान एवं महिला स्वावलंबन हेतु चलाए जा रहे अभियान मिशन शक्ति के प्रचार प्रसार के लिए जिले के प्रतिष्ठित सेंट जेवियर स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रुप में अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद मिश्र व सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सेंट जेवियर्स स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ नितिन शर्मा ने मुख्य अतिथि को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद मिश्र ने छात्राओं को पुलिस विभाग के बारे में विभिन्न जानकारी देते हुए उनको मिशन शक्ति, महिला हेल्पडेस्क, यातायात नियमों, UP112, वीमेन पावरलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, ट्वीटर सेवा आदि के बारे में विस्तार से समझाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बालिकाओं को बताया कि किसी के द्वारा अभद्र टिप्पणी, छींटाकशी, छेड़छाड़ या किसी अराजक तत्व द्वारा पीछा करने पर बिना डरे तत्काल यूपी पुलिस की आपातकालीन सेवाओं से सहायता लें। उन्होंने वूमेन पावर लाइन 1090 के संबंध में बताया गया कि इस सेवा के तहत शिकायत सुनने वाली अधिकारी भी महिला अधिकारी होती है, इसमें शिकायतकर्ता का नाम, पता, मोबाइल नंबर आदि किसी के साथ शेयर नहीं किया जाता है। यह पूर्णतया गोपनीय रखते हुए सहायता की जाती है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के प्रत्येक स्कूल-कॉलेज के प्रांगण में बलरामपुर पुलिस की तरफ से शिकायत पेटिका लगाई गई है। छात्राओं को यदि कोई समस्या होती है तो तत्काल अपनी शिकायत लिखकर शिकायत पेटिका में डाल सकते हैं, जिसे महिला पुलिस कर्मियों द्वारा सप्ताह में दो बार शिकायत पेटिका खोल कर उसमें प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्रभारी निरीक्षक या क्षेत्राधिकारी स्तर से किया जाता है।

प्रधानाचार्य डॉ नितिन शर्मा ने छात्राओं को अपने अभिभाषण के माध्यम से जागरूक किया एवं अपनी समस्याओं के निस्तारण स्वयं पहल करने पर जोर दिया। इस दौरान महिला थानाध्यक्ष ममता यादव ने विद्यालय की छात्राओं को मिशन शक्ति के तहत जानकारी देते हुए पूर्ण रुप से सहयोग देने की बात कही। सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने छात्राओं को भयमुक्त होकर पुलिस से अपनी बात कहने पर जोर दिया। इस दौरान एनसीसी द्वारा पुरस्कृत विद्यालय के कैडेट अंशरा हसन एवं कायनात निसार को अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत किया गया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर राजित राम, एंटी रोमियो उपनिरीक्षक उपेंद्र यादव, आरक्षी सीमा पांडे, निरीक्षक रमाशंकर तिवारी आरक्षी सीमा यादव, विद्यालय की समन्वय नीला घोष, राजेश जायसवाल रेखा ठाकुर ज्योति सिंह रुबीना शाहीन एवं अन्य पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ