गोरखपुर के कोरोना पाॅजिटिव की BRD मेडिकल कालेज में मौत, आसपास जिलों का यह हाल..

गोरखपुर के कोरोना पाॅजिटिव की BRD मेडिकल कालेज में मौत, आसपास जिलों का यह हाल..

BRD मेडिकल कालेज गोरखपुर  में चिलुआताल थाना क्षेत्र के नवापार निवासी 60 वर्षीय बुद्धिराम की मौत हो गई। वह कोरोना वायरस से संक्रमित था।


13 मई को वह मुम्बई से घर आया था। वह बुखार, सर्दी, खांसी से पीड़ित होने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज करवा रहा था और होम क्वारेन्टीन हुआ था। रविवार की सुबह 8 बजे तबियत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज के ट्रामा सेंटर ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आया।


महराजगंज में दो नए केस मिले 


महराजगंज में मिले दो और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। 15 मई को इनका नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया था। यह लोग मुंबई से ट्रेन द्वारा आने वाले प्रवासी कामगार हैं। पाजिटिव मरीज महुआ महुई तथा कांध गांव के निवासी हैं। जिनकी स्क्रीनिंग फरेंदा स्थित जयपुरिया सेंटर में की गई थी। लक्षण पाए जाने पर जांच हेतु नमूना  भेजा गया था। अब तक जिले में कुल 17 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं।


ट्रक से 47 लोगों के साथ मुंबई से सिद्धार्थनगर आया था कोरोना पॉजिटिव


सिद्धार्थनगर के इटवा क्षेत्र में एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया जो खुनियांव ब्लाक के ग्राम नवेल का निवासी है। 28 वर्षीय विजय बहादुर वर्मा 9 मई को टैंपो से गोरेगांव आया। यहां ट्रक पर बैठकर सिद्धार्थनगर के लिए रवाना हुआ। जिसमें कुल 47 लोग सवार थे। 11 मई को वह इटवा पहुंचा जहां अलफारूक इंटर कालेज अमौना में उसकी थर्मल स्क्रीनिंग हुई, बुखार होने की वजह से उसे भिलौरी भिलौरा स्थित राम अवतार विद्यालय में क्वारन्टाइन के लिए कहा गया। स्क्रीनिंग स्थल से वह अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर क्वारन्टीन सेंटर पर आया। यहां 12 मई की जांच के लिए नमूना लिया गया। रविवार की सुबह रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार व प्रशासनिक अमला क्वारन्टाइन सेंटर पर पहुंचा और मरीज को आइसोलेट के लिए बर्डपुर भेजा गया। चूंकि यहां तक उसके भाई ने मोटर साइकिल से छोड़ा था, इसलिए आज उसे भी राम अवतार विद्यालय में क्वारन्टाइन कराया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डाक्‍टर एम डब्लू खान ने बताया कि एक युवक पॉजिटिव मिला है। प्राइमरी कंटेंट में आने के कारण इनके भाई को भी क्वारन्टीन किया गया। इसका भी नमूना जांच के लिए भेजा जाएगा।


देवरिया में तीन और कोरोना पॉजिटिव केस, संक्रमित लोगों की संख्या 15


देवरिया में रविवार को सुबह दो केस मिलने के बाद दोपहर को तीन और केस मिल गए। दोपहर में बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर से आई रिपोर्ट के अनुसार तीन और कोरोना वायरस के पॉजिटिव केस मिले हैं इस तरह से देवरिया जिले में संक्रमित लोगों की संख्या 15 तक पहुंच गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आलोक पांडे ने बताया कि अभी 3 लोगों की रिपोर्ट मिली है उनके गांव के बारे में जानकारी की जा रही है।


बस्ती में चार नए कोरोना पॉजिटिव मिले, संख्या हुई 52


बस्ती जिले में कोरोना वायरस का कहर जारी है। रविवार को बीआरडी मेडिकल कालेज से आई रिपोर्ट में चार प्रवासी मजदूरों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी के साथ जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जो चार संक्रमित मिले हैं वह प्रवासी मजदूर हैं। हाल ही में यह लोग मुंबई से लौटकर आए थे। संदिग्ध मिलने पर इनका सैंपल लेकर जांच के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। जिन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है उसमें बहादुरपुर ब्लाक के दो, भानपुर तहसील के रामनगर ब्लाक का एक, बनकटी ब्लाक के लालगंज बाजार का एक मरीज शामिल है। इन सभी को क्वारंटाइन सेंटर से लेवल-वन अस्पताल सीएचसी मुंडेरवा में शिफ्ट कर दिया गया है। डीएम ने बताया कि 52 में 22 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। एक की मौत हो गई जबकि 29 मरीज भर्ती हैं, जिनका उपचार चल रहा है।


गोरखपुर-बस्‍ती मंडल में एक दिन में मिले 17 कोरोना पॉजिटिव


सिद्धार्थनगर जिले में सात लोगों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट मेडिकल कालेज गोरखपुर से आई है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि इनमें तीन बांंसी, तीन शोहरतगढ़ और एक इटवा तहसील क्षेत्र के हैं। यह सभी अलग-अलग क्वारटाइन थे। इन सभी को बर्डपुर कोविड सेंटर में आइसोलेट किया जाएगा। कुल 44 पॉजिटिव मिल चुके हैं, जिसमें 17 दूसरी जांच में निगेटिव मिलने के बाद अपने घर जा चुके हैं। इसके अलावा कुशीनगर, देवरिया व संतकबीर नगर में भी दो-दो संक्रमित मिले हैं।


कुशीनगर में दो और कोरोना पॉजिटिव, संख्या तीन पहुंंची


पडरौना जिले के सदर तहसील के जटहा बाज़ार व नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के रामनगर में दो मरीजों की रिपोर्ट पाजिटिव मिलने की सूचना है। इस प्रकार 24 घंटे में मरीजों की संख्या तीन हो गई। सीएमओ डा, एनपी गुप्ता ने कहा कि शाम को इसकी रिपोर्ट दी जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि इसे देख रहा हूं, जो भी एहतियाती आवश्यक कार्यवाई होगी की जाएगी। दोनों गांव में पुलिस टीम पहुंच रही है।


देवरिया में मुंबई से आये दो लोग कोरोना पॉजिटिव


देवरिया में मुंबई से आये दो प्रवासी लोगों की रविवार की सुबह आई रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली है। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप है। इस तरह से देवरिया जिले में 24 घंटे के अंदर कोरो ना पॉजिटिव की संख्या 8 तक जा पहुंची है। अब जिले में संक्रमित लोगों की संख्या 12 हो गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर आलोक पांडेय ने कहा कि रविवार को आई दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव  है। जिसमे एक रामपुर कारखाना का गौरा व दूसरा मदनपुर थाना के जद्दु परसिया का निवासी है। यह सभी मुंबई से आये थे। गौरा निवासी युवक के साथ आया एक युवक पहले ही पॉजिटिव  है। दोनों को मेडिकल कालेज भेजा जा रहा है।


मृतक मजदूर के साथ आए थे दोनों कोरोना पॉजिटिव


मुंबई से ट्रक से मृतक मजदूर के साथ संत कबीरनगर में आए दो अन्य लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर अब 42 हो गई है। बढ़ती संख्या से कोरोना का खौफ बढ़ता जा रहा है। मुंबई में रंगाई-पुताई का काम करने वाले 65 वर्षीय मजदूर रामकृपाल के साथ अन्य लोग भी ट्रक से 12 मई को जिले में पहुंचे थे। निर्माणाधीन जिला कारागार स्थित ट्रांजिट सेंटर में थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद रामकृपाल पैदल अपने धनघटा थानाक्षेत्र के हैंसर बाजार गांव जाने लगे। इस दिन ट्रांजिट सेंटर से लगभग 500 मीटर दूर बनकटिया चौराहे पर अचानक गिर गए थे और इनकी मृत्यु हो गई थी। मौत के बाद इनके स्वाब का सैंपल क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान-गोरखपुर भेज दिया गया था। इनके शव का पोस्टमार्टम कराया गया था। इसके बाद इनके साथ मुंबई से आए हैंसर ब्लाक के जिगिना गांव के 43 वर्षीय छत्रपाल व इसी ब्लाक के सिरसी गांव के 53 वर्षीय मुन्नीलाल को जिला संयुक्त चिकित्सालय (डीसीएच) के आइसोलेशन वार्ड में 13 मई को भर्ती करा दिया गया था। इनके स्वाब का सैंपल गोरखपुर भेज दिया गया था। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. एके सिन्हा ने कहा कि गोरखपुर से रविवार को आई जांच रिपोर्ट में ये दोनों व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं।


गोरखपुर-बस्‍ती मंडल में तीन की मौत, आठ नए केस


कोरोना संक्रमण से गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज के ठाकुरनगर गांव निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस गांव की स्वास्थ्य सेवाएं महराजगंज जिले के अंतर्गत आती हैं। जबकि संत कबीरनगर में गुरुवार की देर रात मरे दो लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। दोनों मुंबई से लौटे थे। उधर देवरिया में पांच, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर व महराजगंज में एक-एक नए संक्रमित मिले हैं।


गोरखपुर, महराजगंज में उलझा मामला


गोरखपुर में जिसकी मौत हुई है, वह कैंपियरगंज के ठाकुरनगर गांव के मोहलीपुरवा टोले का रहने वाला था, उसकी उम्र 62 वर्ष थी। शुक्रवार देर रात उसे जिला अस्पताल महराजगंज से रेफर कर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया था। पत्नी समेत पांच लोगों के साथ वह 10 मई को मुंबई से आया था। मौत की पुष्टि मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. गणेश कुमार ने की। मंडलायुक्त जयंत नार्लिकर ने बताया कि मृतक गोरखपुर जिले का निवासी है लेकिन यह केस सीएमओ महराजगंज के अंतर्गत है।


संतकबीर नगर में दो मौतें


संत कबीरनगर में जिन दो लोगों की मौत हुई है, वे बखिरा क्षेत्र के मुंडेरी और धनघटा क्षेत्र के कुंडवा गांव के रहने वाले थे। इससे पहले 12 मई को हैंसर बाजार निवासी एक बुजुर्ग की मौत हो चुकी है। दोनों मौत की पुष्टि जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने की। यहां कुल 38 पॉजिटिव केस हैं।


देवरिया में दस हुई संख्‍या


देवरिया में 24 घंटे में छह पॉजिटिव केस आने के बाद जिले में संक्रमितों की संख्या 10 हो गई है। इनमें से दो लोग स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। नए संक्रमितों में भलुअनी क्षेत्र के गांव टेकुआ, रामपुर कारखाना के पिपरा नायक, रुद्रपुर कोतवाली के रनिहवा गांव के एक-एक और सदर कोतवाली के बढय़ा बुजुर्ग के दो लोग हैं।


सिद्धार्थनगर में अब तक 37 लोग हुए संक्रमित


सिद्धार्थनगर में एक नया पॉजिटिव मिला है। जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 37 हो गई है। कुशीनगर में सदर कोतवाली के कांटी में एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। महराजगंज में बृजमनगंज निवासी एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया। वह भी मुंबई से आया है। जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 15 हो गई है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ